थानाध्यक्ष हत्याकांड के आरोपी की गोली मारकर हत्या, अपराधियों ने घेरकर मारी गोली, दो बदमाश गिरफ्तार

नागारनौसा (नालंदा ) : नगरनौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधैला गांव के पास शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बडीहा गांव निवासी अशोक यादव के पुत्र रवि कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। रवि का आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2015 में नगरनौसा के तत्कालीन थानाध्यक्ष अवधेश कुमार की हत्या के मामले में जेल जा चुका था और इसी वर्ष जनवरी में छूटा था।
घटना के समय रवि एक ज़मीन विवाद को लेकर नगरनौसा थाने में आयोजित जनता दरबार में भाग लेने गया था। लौटते समय रास्ते में अपराधियों ने उसे घेर लिया और दोनों पैर, सीना व गले में गोली मार दी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

दो अपराधी पकड़े गए, एक फरार
घटना के बाद जब फायरिंग की आवाज़ आई तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भाग रहे तीन अपराधियों में से दो को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। एक अपराधी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
संपत्ति विवाद की आशंका
परिजनों ने आशंका जताई है कि हत्या संपत्ति विवाद के कारण हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल पर हिलसा डीएसपी सुमित कुमार पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी जारी है।

2015 में हुई थी थानाध्यक्ष की हत्या
उल्लेखनीय है कि 18 सितंबर 2015 को नगरनौसा के तत्कालीन थानाध्यक्ष अवधेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह गया जिले के निवासी थे। उस समय भी बडीहा गांव में भूमि विवाद को लेकर राम उचित यादव और कपिल यादव के बीच गोलीबारी हुई थी। इसी दौरान छापेमारी करने पहुंचे थानाध्यक्ष पर हमला हुआ था। इस मामले में रवि कुमार भी नामजद अभियुक्त था।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।