40 डिग्री पार तापमान, वन विभाग ने बदला जू सफारी का समय: अब सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुला रहेगा राजगीर जू-नेचर सफारी

राजगीर। भीषण गर्मी और तापमान में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी के संचालन समय में बदलाव किया गया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है, जो 24 अप्रैल से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
राजगीर जू सफारी के निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब सफारी का संचालन प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा। पर्यटकों को सफारी में प्रवेश की अनुमति दोपहर 12:00 बजे तक ही दी जाएगी।
बढ़ते तापमान से पर्यटक और वन्यजीव दोनों प्रभावित
बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, राजगीर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है। विभाग ने दोपहर के समय संभावित लू और गर्म हवाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है ताकि पर्यटकों और वन्यजीवों के स्वास्थ्य को किसी भी तरह की हानि से बचाया जा सके।
सावधानी बरतने की अपील
वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सफारी भ्रमण के दौरान गर्मी से बचने के लिए आवश्यक एहतियात बरतें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी साथ रखें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और दोपहर के समय अधिक देर तक धूप में न रहें।
हर साल बदला जाता है समय
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी गर्मी के मौसम में इसी प्रकार का समय परिवर्तन किया गया था, जिससे पर्यटकों को राहत मिली थी। इस वर्ष भी उसी नीति को अपनाया गया है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी, नालंदा वन प्रमंडल एवं राजगीर जू सफारी के निदेशक ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पर्यटकों की सुविधा और वन्यजीवों की सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।