महाबोधि महाविद्यालय नालंदा में एड्स जागरूकता पर संगोष्ठी एवं रैली का आयोजन।
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,
नालंदा। महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा के सभागार कक्ष में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में बिहार स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के सहयोग से HIV/AIDS के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एड्स जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 95:95:99 अभियान के लक्ष्य को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता है। उन्होंने कहा कि इस बीमारी को पूरी तरह समाप्त करना कठिन है, लेकिन सही जानकारी, सतर्कता और सावधानी के माध्यम से इसे रोका जा सकता है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे समाज में जागरूकता फैलाकर इस गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को सचेत करें।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. सुधीर कुमार वर्मा ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव और अनजाने में हुई गलतियों के कारण लोग एचआईवी/एड्स के संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। इसलिए आवश्यक है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सही जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि लोग सुरक्षित और स्वस्थ जीवन जी सकें।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “95-95-99 का लक्ष्य अपनाएं, एचआईवी मुक्त समाज बनाएं”, “जागरूकता ही बचाव है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. विकास कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. आनंदमूर्ति द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. सुधीर कुमार, महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में एचआईवी/एड्स के प्रति सही जानकारी फैलाना तथा लोगों को सुरक्षित जीवन के लिए प्रेरित करना था।
