सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र की कलाकृति ने मुख्यमंत्री को किया प्रभावित

नालंदा। बिहार प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को नालंदा जिले पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं का शिलान्यास और समीक्षा की। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अनूठी रेत कलाकृति के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
20 टन रेत पर 20 फीट ऊंची कलाकृति
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान, जिला प्रशासन नालंदा के आमंत्रण पर सिलाव प्रखंड के नानंद गांव में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने 20 टन बालू से 20 फीट ऊंची कलाकृति बनाई। उन्होंने रेत पर “प्रगति पुरुष नीतीश कुमार” और “विकसित बिहार के 7 सूत्र” उकेरे, जिससे लोगों को सरकार की विकास योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, उन्होंने जल-जीवन-हरियाली बचाने का अनोखा संदेश भी दिया।
कलाकृति बनी आकर्षण का केंद्र
यह रेत कलाकृति प्रगति यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण बनी रही। हजारों लोग इस कलाकृति के साथ सेल्फी लेते नजर आए, और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस अनूठी कलाकृति को देखकर प्रभावित हुए और कुछ देर तक इसे निहारते रहे। उन्होंने सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार की प्रतिभा की सराहना की और उन्हें बधाई दी।
मधुरेंद्र की अनूठी पहचान
सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार अपनी रेत कला के माध्यम से विभिन्न सामाजिक मुद्दों, ऐतिहासिक घटनाओं और सरकारी योजनाओं को दर्शाने के लिए जाने जाते हैं। वे लोकसभा चुनाव 2019, बिहार विधानसभा चुनाव 2020 और स्वच्छ सर्वेक्षण 2021-22 के ब्रांड एंबेसडर भी रह चुके हैं।

उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय सैंड आर्ट फेस्टिवल अवॉर्ड, वैश्विक शांति सम्मान, अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव सम्मान, राष्ट्रपति कलाम यूथ अवॉर्ड, बिहार गौरव सम्मान, चंपारण रत्न, यूथ आइकॉन, आम्रपाली सम्मान, मगध रत्न, शाहिद सम्मान सहित सैकड़ों पुरस्कार मिल चुके हैं। वर्ष 2023 में उनका नाम “बिहार की महान हस्तियां” पुस्तक में दर्ज किया गया।
अंतरराष्ट्रीय पहचान
मधुरेंद्र ने नेपाल, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित देश-विदेश में एक दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय रेत कला प्रतियोगिताओं में भाग लिया और भारत के लिए कई पुरस्कार जीते। उन्होंने सोनपुर मेला, राजगीर महोत्सव, बौद्ध महोत्सव (गया), थावे महोत्सव, मंदार महोत्सव समेत कई प्रतिष्ठित आयोजनों में अपनी कला का प्रदर्शन कर बिहार और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों ने की सराहना
इस अवसर पर बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार, मंत्री प्रेम कुमार, मंत्री श्रवण कुमार, डीएम शशांक शुभंकर, प्रशासनिक अधिकारी, राजनीतिक हस्तियां और आम लोग उपस्थित रहे। सभी ने सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र की कलाकृति की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
