रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा साप्ताहिक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, 152 मरीजों की हुई जांच
बिहारशरीफ (नालंदा) । भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा नालंदा द्वारा रविवार को बिहारशरीफ के श्रम कल्याण केंद्र मैदान स्थित विस्तारित भवन में साप्ताहिक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य निसहाय और जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। जांच कराने पहुंचे लाभार्थियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर उनके लिए काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं। सोसाइटी की ओर से बताया गया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर आगे भी जारी रहेगा और प्रत्येक रविवार को लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
शिविर में कुल 152 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी ने 40 मरीजों का इलाज किया, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार सिंह ने 40 लोगों की आंखों की जांच की। वहीं फिजिशियन डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. अखिलेश कुमार और डॉ. उमेश कुमार सिन्हा ने लगभग 60 मरीजों को चिकित्सा परामर्श दिया।
इसके अलावा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि कुमार ने 15 मरीजों की जांच की, जबकि फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहम्मद शहजाद आलम ने 20 मरीजों को उपचार संबंधी सलाह दी। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार और डॉ. रितेश कुमार ने 15 लोगों की जांच की। इसके साथ ही शिविर में 31 लोगों की मधुमेह (शुगर) जांच भी की गई।
शिविर में ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भी मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद पंडित, कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार तथा आजीवन सदस्य नागेंद्र कुमार, बृज बिहारी, राकेश कुमार पंकज, प्रो. स्वधर्म कुमार, डॉ. एस.एम. मुजफ्फर जमाल, रागिनी कुमारी, साधु शरण प्रसाद, गौरव कुमार, अरुण कुमार और संजय कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इन सभी सदस्यों ने मरीजों का पंजीकरण, कतारों का प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग किया। उपस्थित लोगों ने उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रयास से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
