भाजपा की प्रेस वार्ता में गरजे रामकृपाल यादव– वोट अधिकार नहीं, विपक्ष की ‘अपमान यात्रा’

0
IMG-20250831-WA0189

बिहार शरीफ (नालंदा) : भारतीय जनता पार्टी नालंदा जिला अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में आज बिहार शरीफ परिसदन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव तथा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2047 तक देश और बिहार को विकसित बनाने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी।

उन्होंने वोट अधिकार यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दरभंगा में प्रधानमंत्री की दिवंगत मां को गाली देना देश की हर मां का अपमान है और यह बिहार के लिए शर्मनाक है। रामकृपाल यादव ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन ने राजनीतिक नीचता की सारी सीमाएं लांघ दी हैं, लेकिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने अब तक खेद तक नहीं जताया है।

रामकृपाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव, सनातन विरोधी नेताओं और बिहारी विरोधी बयानों वाले नेताओं को बिहार बुलाकर यहाँ की अस्मिता का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि—
“यह वोट अधिकार यात्रा नहीं, बल्कि सनातन अपमान यात्रा और बिहारी अपमान यात्रा है।”

1000878796 edited scaled

उन्होंने सवाल उठाया कि मृतकों और घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट में क्यों बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने सभी पार्टियों को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट दी है और नियमित बुलेटिन भी जारी कर रहा है, लेकिन आपत्ति दर्ज कराने में केवल माले ने 103 शिकायतें की हैं। बाकी किसी पार्टी ने कोई आपत्ति नहीं दी, जिसका अर्थ है कि चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी है।

रामकृपाल यादव ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर चुनाव से पहले चुनाव आयोग को बलि का बकरा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज बिहार बूथ कैप्चरिंग और रक्तरंजित चुनावों के कलंक से मुक्त होकर पारदर्शी चुनावों के लिए जाना जाता है।
उन्होंने कहा—
“लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। राहुल गांधी अगर जीतते हैं तो खुद को बब्बर शेर बताते हैं और हारते हैं तो ईवीएम हैक और वोट चोरी का बहाना करते हैं। वे अराजक राजनीति के प्रतीक बन गए हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आज विश्व की चौथी सबसे तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है, लेकिन राहुल गांधी हमेशा विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को बदनाम करते हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि—
“लालू यादव जी ने कभी कांग्रेस की चरण वंदना नहीं की, लेकिन उनका बेटा राहुल गांधी का ड्राइवर बनकर घूम रहा है। जहाज डूबने वाला है, समझदार और दूरदर्शी लोग एनडीए का हिस्सा बनें, यहाँ उन्हें विकास भी मिलेगा और सम्मान भी मिलेगा।”

इस प्रेस वार्ता में मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक रणधीर यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश्वर प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, सुधीर कुमार, अरविंद पटेल, डॉ. अशुतोष कुमार, जिला महामंत्री वीरेंद्र गोप, शिवरतन प्रसाद, जिला मंत्री अमरेश कुमार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार, रीना कुमारी, धीरेन्द्र रंजन, सोनू कुमार हिंदू, अमित शान, धीरज पाठक, ललन कुमार, रजनीश कुमार, आजाद कुमार, रौशन कुमार यादव, मुरली मनोहर, राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!