प्रशांत किशोर की जनसभा कल एकंगरसराय में, ‘बिहार बदलाव यात्रा’ को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह

0
Prashant-Kishor-2

‘एकंगरसराय (नालंदा) : बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर शनिवार को नालंदा जिले के एकंगरसराय में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जनसभा एकंगरसराय के एसएस अकादमी हाई स्कूल मैदान में आयोजित की जाएगी, जहां हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।

जनसभा से पहले प्रशांत किशोर का जिले के विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों द्वारा पारंपरिक ढोल-नगाड़ों व उत्सवपूर्ण स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, जिले भर के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और वे बड़ी संख्या में जनसभा में भाग लेंगे।

बताते चलें कि 20 मई से सारण जिले के सिताब दियारा से ‘बिहार बदलाव यात्रा’ की शुरुआत हुई थी। इस यात्रा का मकसद बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन की अलख जगाना है। प्रशांत किशोर इस यात्रा के तहत राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों का दौरा कर रहे हैं और जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।

प्रशांत किशोर का यह अभियान आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए जन सुराज पार्टी को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। उनका स्पष्ट संदेश है कि बिहार को बदहाली से निकालकर देश के अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल करना ही उनका संकल्प है।

जनसभा को लेकर स्थानीय प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं, वहीं इलाके के लोगों में भी प्रशांत किशोर को सुनने के लिए उत्सुकता देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!