पावापुरी ओवरब्रिज लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, एक गिरफ्तार
पावापुरी, नालंदा। पावापुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-20 पर अभिलाषा होटल के समीप स्थित पावापुरी ओवरब्रिज पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अविनाश कुमार, पिता अनिल कुमार, निवासी मथुरिया मुहल्ला, थाना लहेरी, जिला नालंदा, दिनांक 23 जुलाई 2024 को अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर बल प्रयोग करते हुए रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन एवं नकद राशि लूट ली थी।
इस संबंध में गिरियक (पावापुरी) थाना कांड संख्या 263/24, दिनांक 23.07.2024, धारा 309(4) बीएनएस-2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच तेज की। जांच के क्रम में लूटे गए मोबाइल फोन को 27 जनवरी 2026 को ट्रेस किया गया। इसके आधार पर पावापुरी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
दिनांक 27/28 जनवरी 2026 की रात गिरियक थाना क्षेत्र के नीचली बाजार में छापेमारी के दौरान अनीश कुमार (22 वर्ष), पिता नरेश पंडित, निवासी गिरियक वार्ड संख्या-8, थाना गिरियक, जिला नालंदा को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान उसके पास से लूटा गया रियलमी 10 प्रो प्लस मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त लाल-काले रंग की आई-स्मार्ट स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-21R-3033) बरामद की गई। बरामद सामान को विधिवत जप्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने घटना में शामिल अपने तीन अन्य साथियों के नाम बताए, जिनमें विजय यादव उर्फ बिजो उर्फ बैजू यादव (पिता रूपा यादव) एवं अखिलेश कुमार (पिता ओमप्रकाश पासवान), दोनों निवासी नीचली बाजार, गिरियक, शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त दोनों नामजद अभियुक्त वर्तमान में गिरियक थाना के आर्म्स एक्ट मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। एक अन्य अज्ञात अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
छापेमारी अभियान में पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह (पावापुरी थाना), स०अ०नि० अंजन कुमार राय (पावापुरी थाना), परि०पु०अ०नि० राहुल कुमार (गिरियक थाना) सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
