कतरीसराय में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, संयुक्त छापेमारी में 08 साइबर अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में डिजिटल सामग्री बरामद

0
IMG-20260122-WA0028

कतरीसराय, नालंदा। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कतरीसराय थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिनांक 21 जनवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक, नालंदा के निर्देश पर एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 08 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजगीर के नेतृत्व में की गई। अभियान में पुलिस निरीक्षक गिरियक अंचल, थानाध्यक्ष गिरियक, थानाध्यक्ष पावापुरी तथा कतरीसराय थाना की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी।

छापेमारी के दौरान कतरीसराय थाना क्षेत्र के ग्राम जवाहरचक में पश्चिम दिशा स्थित एक पोखर के पास साइबर अपराध करते हुए 06 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम सैदपुर निवासी राजेश कुमार (पिता– देवसरन राउत) के पश्चिम मुखी दो मंजिला मकान की छत से 02 अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान 05 अन्य अभियुक्त मौके का लाभ उठाकर फरार हो गए, जिनकी पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त 09 स्मार्ट मोबाइल फोन, सिम कार्ड, 12 पृष्ठों की ऑर्डर शीट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉलिंग एवं अन्य साइबर अपराधों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कतरीसराय थाना कांड संख्या के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में जवाहरचक निवासी कुंदन कुमार (20), विकाश कुमार (20), अखिलेश कुमार (30), टिंकु कुमार (31), रणवीर कुमार (22) तथा धीरज कुमार (22) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सैदपुर निवासी निप्पु कुमार (31) और सरमेरा थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार (27) को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें। साथ ही अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!