निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री तय! मंत्री श्रवण कुमार के बयान से सियासत में हलचल

0
navbharat-times

रानी सिन्हा की रिपोर्ट—-

नूरसराय (नालंदा )बिहार के सियासी गलियारों में पिछले काफी समय से जारी अटकलों पर अब विराम लगता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते पुत्र निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने की चर्चाओं को अब जेडीयू के कद्दावर नेता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने हवा दे दी है।

मुख्यमंत्री के बेहद करीबी माने जाने वाले श्रवण कुमार ने नालंदा में मीडिया से मुखातिब होते हुए स्पष्ट किया कि निशांत कुमार जल्द ही राजनीति के मैदान में उतरेंगे और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के नौजवानों, प्रगतिशील विचार के लोगों और जेडीयू के कार्यकर्ताओं की यह लंबे समय से मांग थी, जो अब जल्द ही पूरी होने वाली है।

मंत्री श्रवण कुमार के इस बयान ने बिहार की भावी राजनीति और जेडीयू के भीतर उत्तराधिकार की लड़ाई को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। मंत्री ने कहा कि संगठन को निशांत कुमार जैसे व्यक्तित्व की जरूरत थी और उनके आने से पार्टी की मजबूती के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार होगा। हालांकि, जब उनसे निशांत को सीधे राज्यसभा भेजे जाने या मुख्यमंत्री की राजनीतिक विरासत सौंपने के संबंध में सीधा सवाल किया गया, तो उन्होंने बड़ी चतुराई से इस पर चुप्पी साध ली।

उन्होंने फिलहाल किसी विशेष पद की पुष्टि तो नहीं की, लेकिन इतना जरूर साफ कर दिया कि संगठन में उनकी ‘शानदार एंट्री’ के लिए बिसात बिछ चुकी है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की संभावना है।

राजनीतिक चर्चाओं से इतर, मंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। जिस तरह रंग और गुलाल एक-दूसरे के बीच की दूरियों को मिटा देते हैं, उसी तरह यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और नयापन लेकर आए। उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह साफ है कि आने वाले दिनों में जेडीयू के भीतर निशांत कुमार एक महत्वपूर्ण धुरी बनकर उभर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *