जदयू में शामिल होने के बाद पहली बार पैतृक गांव पहुंचे निशांत कुमार, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
हरनौत (नालंदा)। बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के पुत्र इंजीनियर निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में प्रवेश के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। जदयू में शामिल होने के बाद गुरुवार को निशांत कुमार पहली बार अपने पैतृक गांव कल्याण बीघा पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
गांव पहुंचने पर सबसे पहले निशांत कुमार ने प्राचीन देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने कविराज राम लखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचकर अपने दादा-दादी और मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात वे अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया।
निशांत कुमार के आगमन को लेकर गांव में विशेष तैयारियां की गई थीं। कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान समर्थकों ने नारे भी लगाए— “बिहार का मुख्यमंत्री कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो।”
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, उसी तरह उनके पुत्र निशांत कुमार भी भविष्य में बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस दौरान निशांत कुमार कल्याण बीघा स्थित इंडोर शूटिंग रेंज भी पहुंचे। यहां उन्होंने युवा निशानेबाजों से मुलाकात की और उनके आग्रह पर निशानेबाजी का अभ्यास भी किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में खेलों के बुनियादी ढांचे को काफी मजबूत किया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे इसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करते रहें।
इसके बाद निशांत कुमार अपने पैतृक गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित अपने ननिहाल सेवदह भी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों और गलियों में खड़े नजर आए। यहां उन्होंने लगभग आधे घंटे तक रुककर परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात की।

कार्यक्रम के बाद निशांत कुमार सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हो गए।
इस मौके पर इंजीनियर सुनील कुमार, मोहम्मद अरशद, रविकांत कुमार, सदर डीएसपी 2 संजय कुमार जायसवाल, कल्याण बीघा थाना अध्यक्ष राजकुमार चौधरी एवं कक्कू सिंह, अवधेश सिंह, इंजीनियर रवि शंकर कुमार, संतोष कुमार सिंह, श्री राम प्रसाद सिंह, संजय कांत सिंहा ,अनिल सिंह, हरिनारायण मुखिया,राकेश मुखिया, रहूई के उप प्रमुख राकेश रंजन, मुन्ना सिंह, रवि शंकर प्रसाद, रणविजय पटेल, अमरेश उपाध्याय, मिंतूजय कुमार, चंद्रोदय कुमार उर्फ मुन्ना, रोशन कुमार, बंटी कुमार, कुशेश्वर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
