लोटन गांव में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, दो माह बाद गेहूं के खेत से शव बरामद
गुड्डू की रिपोर्ट
मानपुर (नालंदा)। मानपुर थाना क्षेत्र के लोटन गांव में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना के करीब दो माह बाद पुलिस ने गांव के गेहूं के खेत से युवती का शव बरामद किया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतका की पहचान सविता कुमारी के रूप में हुई है। उसके भाई रामस्वरूप प्रसाद ने बताया कि सविता की शादी 1 जून 2025 को लोटन गांव निवासी मनीष कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में एक गाड़ी और नकद रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार 2 दिसंबर को सविता से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उससे संपर्क टूट गया। कई बार फोन करने के बावजूद बात नहीं हो सकी। 5 दिसंबर को जब परिवार वाले ससुराल पहुंचे तो घर में ताला लटका मिला और आसपास कोई सदस्य मौजूद नहीं था। शक होने पर उन्होंने मानपुर थाना में दहेज हत्या की आशंका जताते हुए आवेदन दिया।

थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। छानबीन के दौरान 14 जनवरी को मृतका के पति मनीष कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि गांव के एक गेहूं के खेत से तेज बदबू आ रही है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई करवाई। जमीन के अंदर से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सविता कुमारी के रूप में की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बताया जाता है कि सविता कुमारी खुदागंज थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी सुरेश प्रसाद की पुत्री थी। वह तीन भाइयों और दो बहनों में एक थी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
