नालंदा में विकास कार्यों को नई रफ्तार, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने किया चार सड़कों का शिलान्यास

बिहार शरीफ (नालंदा) : नालंदा जिले में शनिवार को विकास कार्यों को गति देते हुए बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने चार महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास किया। ये सड़कें अलीनगर संगत और वार्ड संख्या 10 के अंतर्गत टिकुली पर–रहुई रोड में प्रस्तावित हैं। साथ ही उन्होंने वार्ड संख्या 34 में नाला निर्माण एवं पीसीसी ढलाई कार्य तथा मीरदाद मोहल्ला में नाली निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही और कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि ये सड़कें क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थीं, जिन्हें अब साकार रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यपालक एजेंसियों और संवेदकों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
स्थानीय नागरिकों ने मंत्री का जोशीला स्वागत करते हुए उन्हें अपना “बेटा” और “छोटा भाई” बताया। ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. सुनील कुमार न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि हमारे परिवार के सदस्य जैसे हैं, जिन्होंने सदैव आम जन की समस्याओं को गंभीरता से लिया और उनके समाधान के लिए लगातार कार्य किया है। लोगों ने उन्हें “विकास पुरुष” की उपाधि देते हुए दोबारा विधानसभा भेजने का संकल्प भी दोहराया।

डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही सच्ची जनसेवा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में सरकार, जनप्रतिनिधि और संवेदक – तीनों की जवाबदेही तय है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि नालंदा को एक मॉडल जिला बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, वार्ड सदस्य और ग्रामीण मौजूद थे। यह शिलान्यास कार्यक्रम न केवल क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद बना, बल्कि सरकार की जनता के प्रति प्रतिबद्धता को भी एक बार फिर से मजबूती से दर्शाया।
