एनडीए घटक दलों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा का किया स्वागत

बिहार शरीफ (नालंदा) : बिहार शरीफ स्थित जदयू कार्यालय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्षों ने संयुक्त रूप से एक प्रेस वार्ता आयोजित की। इसमें गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नालंदा प्रगति यात्रा के दौरान जिले में किए गए विकास कार्यों की सराहना की गई और उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ई. रविशंकर प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीविका दीदियों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और एनडीए पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
जदयू जिलाध्यक्ष मोहम्मद अरशद ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिहार के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष सिर्फ लोगों को गुमराह करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ खड़ी है।
लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट ने कहा कि बिहार के विकास के लिए एनडीए ने हमेशा कार्य किया है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए एकजुट होकर लड़ेगी और बड़ी जीत हासिल करेगी।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला प्रतिनिधि सचिन कुशवाहा ने मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के लिए नालंदा की जनता की ओर से धन्यवाद दिया और कहा कि बिहार की भलाई के लिए एनडीए पूरी तरह से संगठित है।
हम (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) के जिला प्रतिनिधि ललिन कुमार ने कहा कि एनडीए गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना और भ्रष्टाचार में लिप्त विपक्षी दलों को रोकना हमारा उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
प्रेस वार्ता में उपस्थित नेता एवं कार्यकर्ता
इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष मोहम्मद अरशद, भाजपा जिलाध्यक्ष ई. रविशंकर प्रसाद सिंह, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट, जदयू पूर्व जिलाध्यक्ष बनारस प्रसाद, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला प्रतिनिधि सचिन कुशवाहा, हम जिला प्रतिनिधि ललिन कुमार, जदयू जिला प्रवक्ता भवानी सिंह, संजय पासवान, भाजपा जिला मंत्री रवि राज, भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी एवं निवर्तमान नगर अध्यक्ष अमरेश कुमार, जदयू महासचिव एवं कार्यालय प्रभारी अरविंद कुमार, रंजीत कुमार, सौरव मिश्रा, लोजपा (रामविलास) के श्रवण मिस्त्री सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 20 फरवरी 2025 को नालंदा में की गई घोषणाएं:
मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा जिले में अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं और कुछ नए कार्यों को भी जल्द शुरू किया जाएगा। घोषणाओं में शामिल हैं:
- पंचाने सिंचाई योजना का जीर्णोद्धार और विकास।
- सरमेरा में “कृषि अनुसंधान केंद्र” की स्थापना।
- हिलसा पूर्वी बाईपास पथ के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी।
- बरगइनिया पईन का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
- बिहारशरीफ के सोहसराय हॉल्ट के पास आरओबी-सह-रोटरी का निर्माण, जिससे जाम की समस्या का समाधान होगा।
- करायपरसुराय, हिलसा, एंकगरसराय और इस्लामपुर प्रखंडों में लोकाईन नदी के तटबंध पर कटाव निरोधी कार्य।
- मकनपुर से धमौली तक अधियारा नदी की गाद निकालने का कार्य तथा नूरसराय और हरनौत में 8 स्थानों पर एंटी फ्लड स्लूइस गेट का निर्माण।
- बेनार-सकसोहरा पथ का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण।
- बिहारशरीफ के एतबारी बाजार से उपरौरा मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण और आरओबी-सह-पहुंच पथ का निर्माण।
- सरमेरा प्रखंड में धनावाडीह और गोपालबाद में जमींदारी बांध का जीर्णोद्धार।
- नूरसराय संगत के पास जलजमाव की समस्या का समाधान।
- बाबा मखदूम साहब की मजार (बड़ी दरगाह) तक पहुंचने के लिए अलीनगर से बिहारशरीफ पूर्वी बाईपास तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण।
- पंचाने नदी के कोसुक घाट को “रिवर फ्रंट” के रूप में विकसित किया जाएगा।
- बिहारशरीफ शहर में पुराने रांची रोड का चौड़ीकरण।
- हसनपुर से राजगीर बाईपास होते हुए राजगीर खेल अकादमी मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण।
- ब्रह्मकुंड परिसर का समग्र विकास।
- अस्थावां, इस्लामपुर, चंडी, रहुई, हरनौत और गिरियक प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण।
- राजगीर वन क्षेत्र में ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण, जेपी उद्यान, वेणु वन, घोड़ा कटोरा आदि का विकास तथा डायनासोर पार्क का निर्माण, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि नालंदा जिले के शेष बचे कार्य भी शीघ्र पूरे किए जाएंगे। बिहार के सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी यह गति बनी रहेगी।
