पावापुरी के करमपुर में गल्ला व्यापारी गोलीकांड का नालंदा पुलिस ने किया सफल उद्भेदन, मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा) : पावापुरी के करमपुर गांव में गल्ला व्यापारी पर हुए गोलीकांड का नालंदा पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी शोभा देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान पोखरपुर गांव निवासी स्वर्गीय पिंटू सिंह की पत्नी शोभा देवी (38 वर्ष) के रूप में हुई है। मामले की जानकारी राजगीर डीएसपी सुनील कुमार ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी।

गिरियक से लौटते समय व्यापारी पर हमला
डीएसपी ने बताया कि कुछ दिन पहले करमपुर गांव के समीप गल्ला व्यापारी शैलेन्द्र कुमार उर्फ कारू राम को बदमाशों ने गोली मार दी थी। घटना के समय व्यापारी गिरियक से पावापुरी लौट रहे थे।
जैसे ही वह करमपुर गांव के पास एनएच-20 पर पहुंचे, पहले से घात लगाए चारपहिया वाहन सवार बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। जब कारू राम नहीं रुके तो बदमाशों ने उनका पीछा कर कई बार ओवरटेक किया। व्यापारी जब सड़क किनारे एक होटल की ओर भागने लगे, तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली कारू राम की जांघ में लगी और सीट में जा धंसी।
घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यापारी को तत्काल पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पुलिस कर रही लगातार छापेमारी
डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने तत्परता से केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। साक्ष्य और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मुख्य आरोपी शोभा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।