अवैध निर्माण पर नगर निगम की कार्रवाई, शिवपुरी में झुकी इमारत बुलडोजर से ध्वस्त

0
Screenshot_20260207_175532_WhatsApp

प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट
बिहारशरीफ, नालंदा । नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक मकान की झुकी हुई ऊपरी संरचना को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। उक्त मकान शशिकांत कुमार (सीमा कुमारी) के नाम पर बताया जा रहा है, जिसे नाला निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त एवं झुकी स्थिति में होने के बावजूद खड़ा किया गया था।

नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल और दंडाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर पहुंची। पोकलेन और बुलडोजर की सहायता से म्युनिसिपल एक्ट के तहत अवैध निर्माण को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

1001238747

नगर निगम के सिटी मैनेजर साकेश कुमार ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान ही भवन झुक गया था। इसके बावजूद मकान मालिक द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिससे यह इमारत आसपास के लोगों और राहगीरों के लिए खतरा बन गई थी। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा को देखते हुए यह कार्रवाई आवश्यक थी।

वहीं, मकान मालिक के परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे साजिश करार दिया। उनका कहना है कि मकान उनकी रैयती जमीन पर बना था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 37 मकानों का सर्वेक्षण किया गया, लेकिन किसी अन्य के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि नोटिस तो दिया गया, लेकिन सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला।

परिजनों ने यह भी दावा किया कि नगर निगम के अधिकारियों ने पहले मुआवजे का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में इससे मुकर गए। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान प्रशासन की गाड़ियां रोज इस रास्ते से गुजरती थीं, लेकिन उस समय किसी ने आपत्ति नहीं जताई।

1001238769

इस पर सिटी मैनेजर साकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि मकान मालिक को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पूरी तरह जनहित में की गई है। झुकी हुई इमारत किसी भी समय गिर सकती थी, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। प्रशासन ने भविष्य में भी अवैध और खतरनाक संरचनाओं के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *