राजमिस्त्री के पोते ने रचा इतिहास: यूपीएससी 2025 में 75वीं रैंक लाकर बना आईएएस
अमर वर्मा की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ (नालंदा)। कतरीसराय प्रखंड के लोहराजपुर गांव निवासी राहुल शेखर ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 75वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
राहुल शेखर के पिता डॉ. वीरेंद्र प्रसाद गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर (उत्तराखंड) में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता पूजा कुमारी सुपौल में कृषि समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं।
राहुल के दादा नारायण महतो ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा के साथ कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने राजमिस्त्री का काम करने, बैलगाड़ी चलाने और खेती करने के साथ बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए संघर्ष किया। उनके इसी संघर्ष का परिणाम है कि उनके बेटे वीरेंद्र प्रसाद ने वर्ष 2013 में प्रोफेसर का पद हासिल किया, जबकि वर्ष 2019 में राहुल की माता पूजा कुमारी कृषि समन्वयक बनीं।
राहुल शेखर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद आईआईटी कानपुर से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2021 में आईईएस परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं वर्ष 2024 की यूपीएससी परीक्षा में 242वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने आईआरएस (इंडियन रेवेन्यू सर्विस ) में चयन पाया और सेवा भी शुरू की।
नारायण महतो ने बताया कि राहुल ने वर्ष 2024 में आईएफएस परीक्षा में भी 46वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने एक बार फिर मेहनत जारी रखी और आखिरकार यूपीएससी 2025 में 75वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा कर लिया।
राहुल की इस उपलब्धि पर उनके चाचा अरविंद प्रसाद, अशोक प्रसाद और मिथिलेश प्रसाद सहित परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सच्ची लगन, मेहनत और ईमानदारी से किया गया प्रयास हमेशा सफलता दिलाता है। राहुल की सफलता पूरे गांव और जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
