नालंदा में बड़ी चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार, 132.68 ग्राम सोना, 23.39 लाख नकद और केटीएम बाइक बरामद
शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ/नालंदा। नालंदा पुलिस ने लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी भैसासुर मोहल्ले में हुई बड़ी चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 132.68 ग्राम सोना, 23 लाख 39 हजार रुपये नकद, एक केटीएम मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
इस संबंध में नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 26 फरवरी को अविनाश कुमार के घर में हुई बड़ी चोरी के मामले में लहेरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पीड़ित परिवार ने करीब 73 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की जानकारी दी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले 25 वर्षीय कुख्यात चोर आदित्य कुमार उर्फ चिकारा उर्फ मनीष की पहचान की। पुलिस ने पीछा करते हुए 8 मार्च को आदित्य को उसके सहयोगी विपेंद्र कुमार के साथ पटना सिटी बाईपास स्थित एक किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी का दायरा बढ़ाया और चोरी के जेवरात खरीदने तथा गलाने वाले सुनार रजत खत्री और कपिल कुमार को भी पटना से गिरफ्तार किया। इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्य रोहित शर्मा और रोशन कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी आदित्य चिकारा की मां सविता देवी और बहन वर्षा कुमारी को भी गिरफ्तार किया है। एसपी के अनुसार, दोनों महिलाएं चोरी की गई रकम और सामान को छिपाने तथा ठिकाने लगाने की साजिश में शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आदित्य चिकारा एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में सात से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी रजत खत्री का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरों ने बंद घर का फायदा उठाते हुए गोदरेज अलमारी का लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बरामदगी में चोरी के जेवरात के साथ-साथ उन्हें बेचकर बनाई गई भारी रकम भी शामिल है।
एसपी भारत सोनी ने बताया कि पुलिस अब नए कानून बीएनएसएस के तहत इन अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है।
इस सफल कार्रवाई में लहेरी थानाध्यक्ष, बिहार थानाध्यक्ष तथा जिला आसूचना इकाई (DIU) की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।
