FRK उपलब्धता बढ़ने से CMR आपूर्ति में आई तेजी, किसानों को शीघ्र भुगतान का निर्देशडीएम ने धान अधिप्राप्ति व खाद्य निगम कार्यों की की समीक्षा

0
IMG-20260209-WA0038

बिहारशरीफ (नालंदा)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत किसानों से अधिप्राप्त धान, उसके समतुल्य राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्रों पर जमा कराए गए कस्टम मिल्ड राइस (CMR) तथा जिले में फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK) की उपलब्धता को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था में तेजी लाने एवं किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम ने बताया कि विभाग द्वारा नालंदा जिले के लिए कुल पांच एजेंसियों को FRK आपूर्तिकर्ता के रूप में संबद्ध किया गया है। इसके बावजूद कुछ समय से जिले में FRK की कमी बनी हुई थी, जिससे मिलों द्वारा CMR आपूर्ति की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। जिला पदाधिकारी के लगातार पत्राचार एवं हस्तक्षेप के बाद अब FRK की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे CMR हस्तगत कराने में तेजी आई है।

हालांकि अरवा मिलों में FRK की आपूर्ति कम होने के कारण अरवा CMR की आपूर्ति धीमी बनी हुई है। इस संबंध में निगम मुख्यालय को पत्र भेजा गया है तथा दूरभाष के माध्यम से भी शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिला पदाधिकारी द्वारा नियमित समीक्षा के कारण धान अधिप्राप्ति और मिलों से CMR आपूर्ति की गति में उल्लेखनीय सुधार आया है। इससे खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था भी मजबूत हुई है।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों से अधिप्राप्त धान के समतुल्य CMR एवं अग्रिम CMR के विरुद्ध धान तीन दिनों के भीतर मिलों को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही किसानों को क्रय किए गए धान का भुगतान भी शीघ्र किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। FRK की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रबंधक को आपूर्तिकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *