बिंद प्रखंड में लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक, पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार की घोषणा

बिन्द (नालंदा) : नालंदा जिले के बिंद प्रखंड में लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी द्वारा एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर व्यापक चर्चा की गई। इस बैठक में पार्टी को प्रखंड स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से नई कमिटियों की घोषणा की गई।
बैठक की अध्यक्षता नालंदा जिला अध्यक्ष अरविंद धानुक ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिंद और सरमेरा प्रखंड में पंचायत स्तर तक कमिटी का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता स्वयं को एक पदाधिकारी मानते हुए पूरी जिम्मेदारी से काम करे।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक भी उपस्थित थे। उनका कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को समान सम्मान देना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी में न कोई भेदभाव होगा और न ही उपेक्षा।
उन्होंने कहा कि जो सरकारें गरीबों के वोट के बल पर सत्ता में आईं, वे वर्षों से उन्हें सिर्फ धोखा देती आ रही हैं। अब समय आ गया है कि गरीब, किसान, मजदूर और युवा एकजुट होकर अपनी ताकत का अहसास कराएं और उन सरकारों को सत्ता से हटाने का संकल्प लें। उन्होंने “अति पिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ यात्रा” के तहत नालंदा जिले के विभिन्न गांवों में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि लोगों में पार्टी को लेकर जबरदस्त उत्साह है।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल ने कहा कि अब बहुत हो चुका अगड़ा-पिछड़ा का खेल, अब बारी है अति पिछड़ों की। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना के अनुसार बिहार में अति पिछड़ों की आबादी 36% है, इसलिए अब समय आ गया है कि वे संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ताकत को पहचानें और वोट के माध्यम से बदलाव लाएं।
बैठक के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। इनमें बिंद प्रखंड के लिए अनिल कुमार राउत को प्रखंड अध्यक्ष, राम प्रवेश पांडेय को उपाध्यक्ष, राजा राम चौहान को सचिव, मृत्युंजय कुमार को युवा प्रखंड अध्यक्ष बनाया गया।
सरमेरा पश्चिमी के लिए गणपत चौहान को अति पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रखंड अध्यक्ष, राकेश कुमार चंद्रवंशी को उपाध्यक्ष, माधव तिवारी को महासचिव, अजय कुमार चंद्रवंशी को सचिव नियुक्त किया गया। वहीं सरमेरा पूर्वी में प्रह्लाद चौहान को अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का प्रखंड अध्यक्ष बनाया गया।
पंचायत स्तर पर धर्मेंद्र कुमार चंद्रवंशी को मलवा सरमेरा पश्चिमी पंचायत अध्यक्ष, वितो महतो एवं शंकर चौहान को उपाध्यक्ष, जबकि मनीष महतो को सचिव नियुक्त किया गया।
पदाधिकारी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी अमोद कुमार के साथ प्रभात कुमार, सोनू कुमार, घनश्याम कुमार, बबलू कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।