फूलों की होली से महका बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर, गणमान्य लोगों का हुआ सम्मान
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ (नालंदा), बिहार शरीफ के पुलपर स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर रविवार को फूलों की खुशबू और भक्ति रस से सराबोर रहा। नालंदा जिला पूजा उत्सव समिति के तत्वावधान में यहां भव्य ‘फूलों की होली’ एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। दोपहर 12:30 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शहरवासी शामिल हुए।
पारंपरिक होली गीतों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर होली खेली। गुलाल के बजाय फूलों से खेली गई इस होली ने आयोजन को विशेष और आध्यात्मिक रंग प्रदान किया। मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और आपसी प्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला।
समिति की ओर से आगंतुकों के लिए विशेष जलपान की व्यवस्था की गई थी। लोगों ने गरमा-गरम पकौड़ी, इमली की चटनी, ठंडई और कोल्ड ड्रिंक का आनंद लिया। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में शहर के गणमान्य व्यक्तियों एवं समिति के पूर्व सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र (चादर) एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
आयोजन की सफलता में समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार, उपाध्यक्ष राज वर्द्धन, सचिव शैलेश कुमार और कोषाध्यक्ष कंचन कुमार की अहम भूमिका रही। साथ ही सदस्य रवि कुमार पटेल, किशोरी जी, शुभम कुमार, आयुष कुमार, मोहम्मद अरमान सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम में ‘एडवांस्ड सिक्योरिटी जोन’ एवं ‘वेब लाउंज’ ने को-पार्टनर के रूप में सहयोग किया।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का माध्यम हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।
