इसलामपुर में धूमधाम से मनाया गया होली पर्व, कई स्थानों पर होली मिलन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

0
IMG-20260305-WA0134

इसलामपुर (नालंदा)। रंगों का पर्व होली इसलामपुर नगर समेत पूरे प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। इस दौरान नगर और आसपास के गांवों में कई स्थानों पर होली मिलन समारोह, मटका फोड़ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

प्रखंड क्षेत्र के सेरथुआ खुर्द गांव में भाजपा नेता सुविधानंद साहू के आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला जदयू सचिव सह व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय साहू, समाजवादी नेता राधेलाल गुप्ता तथा भाजपा प्रवक्ता कार्यश प्रसाद सहित कई गणमान्य लोगों ने ग्रामीणों के साथ सामूहिक रूप से होली खेली और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।

वहीं पूर्व विधायक राकेश कुमार रौशन ने अपने पैतृक गांव सकरी पंचायत के नवाबगंज में परिवार और समर्थकों के साथ फूलों की होली खेली। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें होली और चैतार गीतों पर ग्रामीण जमकर झूमे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया।

इस मौके पर पूर्व विधायक की पत्नी मंजू रौशन, उनके पुत्र-पुत्री, परिजन तथा राजद के नगर अध्यक्ष उपेन्द्र यादव, मुनेश्वर यादव, अमरजीत राय, नीतीश राणा, शैलेश यादव, रामानन्द पासवान, अरविन्द यादव सहित सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।

इधर स्थानीय मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंडप में केशरवानी वैश्य सभा की ओर से भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान साउंड सिस्टम पर होली गीतों की धुन पर लोगों ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा नगर के केबी चौक के समीप भाजपा नेता महेन्द्र सिंह यादव और यूथ क्लब के सौजन्य से भी होली के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान चैतार गीतों का लोगों ने भरपूर आनंद लिया और एक-दूसरे को अबीर लगाकर होली की बधाई दी।

पर्व के अवसर पर गुरुवार को मुर्गियाचक मोहल्ला से उत्साही युवकों द्वारा पूरे नगर में सामूहिक झूमटा जुलूस निकाला गया, जिसने नगरवासियों का उत्साह और बढ़ा दिया।

इससे पूर्व बुधवार की अहले सुबह नगर समेत पूरे प्रखंड क्षेत्र में होलिका दहन के साथ होली पर्व की शुरुआत हो गई थी। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ मोबाइल पेट्रोलिंग भी लगातार जारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *