हरनौत प्रखंड में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ होली पर्व, बच्चों और युवाओं में दिखा गजब का उत्साह

0
IMG-20260305-WA0135

हरनौत (नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र में रंगों का पर्व होली इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। गांव की गलियों से लेकर बाजारों और चौक-चौराहों तक रंगों की बौछार देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उल्लास और सौहार्द का वातावरण बना रहा।

प्रखंड के हरनौत बाजार, चेरो बाजार, बोधनगर बाजार सहित विभिन्न गांवों और मोहल्लों में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों की टोलियां हाथों में पिचकारी और रंग लेकर दिनभर एक-दूसरे को रंगने में व्यस्त नजर आईं। वहीं युवाओं ने भी गली-गली घूमकर पूरे उत्साह के साथ होली का आनंद लिया।

पारंपरिक होली गीतों जैसे “जोगीरा सा रा रा रा” और “बुरा ना मानो होली है” की धुनों के बीच लोगों ने रंग-गुलाल लगाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। कई स्थानों पर लोगों ने होलिका दहन स्थल की पवित्र मिट्टी का तिलक लगाकर भी होली पर्व मनाया।

ढोल-नगाड़ों की थाप और घरों के बाहर लगे छोटे-छोटे म्यूजिक सिस्टम पर बजते होली गीतों पर लोग झूमते नजर आए। इस पावन अवसर पर लोगों ने आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

कुल मिलाकर पूरे हरनौत प्रखंड क्षेत्र में होली का पर्व शांति, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाई।

इस संबंध में Harnaut थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने गुरुवार शाम करीब चार बजे बताया कि थाना क्षेत्र में होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *