हरनौत में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइकों की टक्कर में पिता–पुत्र गंभीर, हालत नाजुक
अमर वर्मा की रिपोर्ट | हरनौत
हरनौत/चंडी (नालंदा)। चंडी थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बाली मोड़ के पास मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को आपातकालीन सेवा डायल 112 की सहायता से रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज पटना के विजय नगर रोड स्थित Kumar Ortho Hospital में चल रहा है।
घायलों की पहचान वेना थाना क्षेत्र के सरथा गांव निवासी राम इतर सिंह के 50 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार और उनके 23 वर्षीय पुत्र हर्ष राज के रूप में हुई है।
घायल हर्ष राज ने बताया कि वह अपने पिता के साथ बाइक से पटना से अपने घर सरथा लौट रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर स्थित बजरंगवाली मंदिर के पास सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि मनोज कुमार सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनका दाहिना पैर और बायां हाथ गंभीर रूप से टूट गया। हर्ष राज को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चंडी थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
