गल्ला व्यापारी को गोली मारकर घायल किया, विम्स में चल रहा इलाज, मौके पर पहुँचे डीएसपी

गिरियक (नालंदा) : मंगलवार दोपहर गिरियक थाना क्षेत्र के करमपुर गाँव के समीप एनएच-20 पर ग़ल्ला व्यापारी को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घायल व्यापारी की पहचान पोखरपुर, पावापुरी निवासी कारू राम के रूप में हुई है। वह गल्ले का व्यापार करते हैं। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में विम्स अस्पताल, पावापुरी में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना का विवरण
कारू राम ने बताया कि वे किसी कार्य से गिरियक गए थे और वहाँ से बाइक से पावापुरी लौट रहे थे। जैसे ही वे करमपुर गाँव के पास पहुँचे, तभी एक फोर व्हीलर में सवार कुछ बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पहले तो बदमाशों ने हॉकी बैट फेंक कर उन्हें रुकवाने का प्रयास किया और कई बार ओवरटेक कर रास्ता रोकने की कोशिश की। जब वे नहीं रुके तो सड़क किनारे एक होटल की ओर भागने लगे। तभी बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली कारू राम की जांघ में लगी और पार करते हुए बाइक की सीट में जा धँसी।
गोली लगने के बाद वे मौके पर गिर पड़े और तुरंत अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन उन्हें गंभीर हालत में विम्स अस्पताल, पावापुरी लेकर पहुँचे, जहाँ उनका इलाज जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही गिरियक और पावापुरी थाना की पुलिस अस्पताल पहुँच गई। मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद राजगीर के डीएसपी भी अस्पताल पहुँचे और घायल व्यापारी से पूछताछ की। कारू राम ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और उन्हें घटना के पीछे का कारण समझ में नहीं आ रहा है।
डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस त्वरित कार्रवाई में जुटी है। आस-पास के होटलों और सड़क मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों तक पहुँचा जा सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। कई अन्य थाना की पुलिस भी मामले की जाँच में जुटी हुई है।
फिलहाल घायल व्यापारी का इलाज विम्स पावापुरी में चल रहा है और पुलिस अपराधियों को जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है।