डीएम कुंदन कुमार ने की साप्ताहिक समीक्षा बैठक, राजगीर मेला से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं तक दिए सख्त निर्देश
बिहार शरीफ (नालंदा) : जिलाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय तकनीकी/गैर-तकनीकी पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समन्वय सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने राजगीर महोत्सव 2025 के सफल तीन दिवसीय आयोजन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर को निर्देश दिया कि 25 दिसंबर तक चलने वाले राजगीर मेला के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र भ्रमण के दौरान कार्यालयों में शिकायत पंजी का संधारण एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा करें तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी पंचायत सरकार भवनों को पूर्णतः क्रियाशील रखा जाए, अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा आरटीपीएस केंद्रों का नियमित संचालन हो।
अपर समाहर्ता को भूमि विवाद से संबंधित परिवादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड कार्यालयों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी अंचलों में भूमि विवाद के मामलों का समाधान शनिवार जनता दरबार के माध्यम से अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष द्वारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
एमजेसी एवं सीडब्ल्यूजेसी से संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। माननीय मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान नालंदा जिले में की गई घोषणाओं को समय पर पूर्ण करने के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जीविका परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ अधिक से अधिक जीविका दीदियों के बच्चों को दिलाया जाए।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने म्यूटेशन, ई-नापी सहित अन्य कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
आपूर्ति विभाग की समीक्षा में उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का राशन कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने तथा ई-केवाईसी में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को शत-प्रतिशत कार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय में प्राप्त अतिक्रमण वाद, विशेषकर पैईन अतिक्रमण, के शीघ्र निष्पादन एवं अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया ताकि सिंचाई कार्य बाधित न हो।
संबंधित पदाधिकारियों को अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना एवं यूबीआईडी कार्ड निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि पदाधिकारी को पराली जलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जिले में उचित दर पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान ठंड को देखते हुए जिले के सभी अंचलों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण करने का निर्देश दिया गया। सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को जरूरतमंद टोलों की पहचान कर कंबल वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर को निर्देश दिया गया कि राजगीर में बने छह स्पीड ब्रेकरों को रंबल स्ट्रिप में परिवर्तित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
जिला पदाधिकारी ने सभी लाइन विभागों को आपसी समन्वय से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित प्राप्त शिकायतों का स्थल निरीक्षण कर त्वरित समाधान करने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को CPGRAM एवं मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला स्थापना उपसमाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, आईटी मैनेजर, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आईसीडीएस के पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता सहित प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
