लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न, 2025 विधानसभा चुनाव में जीत का लिया संकल्प

भागन बिगहा (नालंदा)। लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी द्वारा आज जिला कार्यालय, भागन बिगहा में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के नालंदा जिला अध्यक्ष अरविंद धानुक ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए अरविंद धानुक ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूती प्रदान करने के लिए जनसंपर्क यात्रा के माध्यम से संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और सुनिश्चित जीत दर्ज करेगी, ताकि सदन में अतिपिछड़ा, पिछड़ा, शोषित, वंचित एवं अल्पसंख्यक समाज की सशक्त आवाज बनकर काम कर सके। साथ ही गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश स्तर पर ठोस पहल की जाएगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल का तीखा हमला
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्वयं को सुशासन बाबू कहने वाली सरकार में गरीब, मजदूर, किसान, अतिपिछड़ा, दलित, महादलित और अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। बलात्कार, हत्या, लूट और भ्रष्टाचार की घटनाओं में वृद्धि हुई है। विकास केवल अपराध और भ्रष्टाचार का हुआ है, आम जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
प्रदेश महासचिव सीताराम सिंह चंद्रवंशी का बड़ा दावा
प्रदेश महासचिव सीताराम सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे नालंदा जिले में “अतिपिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ यात्रा” के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा ने सत्ताधारी दलों में खलबली मचा दी है और जनता का रुझान लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना के अनुसार बिहार में अतिपिछड़ा वर्ग की आबादी 36% है और अब यह वर्ग एकजुट होकर अपनी सरकार बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “अबकी बार, बिहार में अतिपिछड़ा वर्ग की सरकार बनेगी।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव का जोश बढ़ाने वाला संदेश
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें जीत का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी करें और पार्टी को विजय दिलाएं।
उपस्थित प्रमुख कार्यकर्ता:
इस बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी अमोद कुमार, अर्जुन प्रसाद, नवीन कुमार, मुंद्रिका प्रसाद, विरमणी राउत, अनिल कुमार चंद्रवंशी, किशोरी प्रसाद बिंद, सोनू कुमार समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।