बिंद में लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, गरीबों के हक की लड़ाई तेज करने का संकल्प

नालंदा (बिहार) : लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी की ओर से नालंदा जिले के बिंद प्रखंड स्थित पार्टी कार्यालय में प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक उपस्थित रहे, जिनका भव्य स्वागत फूल-मालाओं से किया गया।
इस अवसर पर सम्मेलन की अध्यक्षता युवा प्रखंड अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने की, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी जिला सचिव श्रवण कुमार और जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी ने संभाली।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव ने कहा कि पार्टी बीते चार वर्षों से जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बुलंद कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी दबाव के कारण सरकार को वृद्धा, विधवा व विकलांग पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 करनी पड़ी, लेकिन यह अब भी नाकाफी है। उन्होंने दोहराया कि फरवरी 2024 में एकंगरसराय में आयोजित सभा में पार्टी ने वादा किया था कि सत्ता में आने पर पेंशन राशि ₹5000 की जाएगी। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई और पलायन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने अति पिछड़े, दलित, महादलित, शोषित और अल्पसंख्यक समुदायों को लगातार उपेक्षित किया है। रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सिर्फ एक वर्ग को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए दिल्ली-मुंबई जैसे महानगरों में पलायन करना पड़ता है, जिसे रोकना उनकी प्राथमिकता है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल ने “अति पिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ” यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में 36% अति पिछड़ी आबादी के बावजूद उनके साथ लगातार ठगी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जिस महिला वर्ग को पहले सहयोग मिलता था, उन्हें भी अब योजनाओं से वंचित किया जा रहा है।
सम्मेलन में कई पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई, जिनमें सोनू कुमार (जिला उपाध्यक्ष, नालंदा पूर्वी), अर्पण ठाकुर (अति पिछड़ा प्रकोष्ठ, प्रखंड अध्यक्ष, बिंद), रामाशीष राम (अनुसूचित प्रकोष्ठ, प्रखंड अध्यक्ष, बिंद), अनिल कुमार और श्याम मिस्त्री (प्रखंड उपाध्यक्ष, बिंद), मानिकचंद साव (प्रखंड सचिव, बिंद), इंद्रदेव प्रसाद (प्रखंड महासचिव, बिंद), रामनरेश प्रसाद (पंचायत अध्यक्ष, लोदीपुर), संटू कुमार (पंचायत अध्यक्ष, जमसारी), और बेचन बिहार (पंचायत अध्यक्ष, जहाना) शामिल हैं।
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि यह पार्टी सच्चे मायनों में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और सही वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का काम कर रही है।
सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी कौशलेंद्र प्रसाद उर्फ मन्नू, प्रभात कुमार, अमोद कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने संकल्प लिया कि वे पार्टी को मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव जाकर संगठन की नीतियों और मूल्यों को पहुंचाएंगे।