संविधान गौरव अभियान और कर्पूरी ठाकुर जयंती: भाजपा ने किया संविधान निर्माताओं को नमन

भारतीय जनता पार्टी नालंदा जिला अध्यक्ष ई. रविशंकर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में बिहारशरीफ के आशानगर दलित टोला में “संविधान गौरव अभियान” एवं भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार और प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक शैलेन्द्र कुमार और जिला मंत्री रंजू कुमारी ने किया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही जननायक कर्पूरी ठाकुर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन, विचारधारा और उनके भारत एवं बिहार की राजनीति में योगदान पर विस्तार से चर्चा की।

प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया, जबकि जनसंघ काल से ही भाजपा ने उनका सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को विकसित कर “पंचतीर्थ” के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान और आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वही कांग्रेस, जिसने संविधान का दुरुपयोग किया, आज झूठे दावों से जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रयागराज जाकर महाकुंभ में संगम स्नान करना चाहिए, जिससे उनके कुछ पाप कट सकें, लेकिन जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
वन, पर्यावरण एवं सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विपक्षी दल झूठा प्रचार कर रहे हैं कि भाजपा सरकार संविधान और आरक्षण को खत्म कर देगी। लेकिन देशवासियों को प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा सरकार पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पीएम मोदी ने देश के नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। डॉ. प्रेम कुमार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को सादगी और ईमानदारी का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह देश और बिहार की राजनीति के महामानव थे और हम सबके लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सह प्रभारी जितेन्द्र नीरज, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री संजय रविदास, जिला के निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. राम सागर सिंह, जिला महामंत्री रीना कुमारी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र गोप, श्याम किशोर सिंह, अरविंद पटेल, जिला मंत्री डॉ. अशुतोष कुमार, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रज्ञा भारती, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार, जिला प्रवक्ता धीरेंद्र रंजन, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष अमरेश कुमार, मंडल अध्यक्ष विकास कुमार भारती, धनंजय कुमार, अविनाश कुमार, शशिकला सिन्हा, रजनीश कुमार, वीरेंद्र कुमार, सोनू कुमार हिंदू, धीरज पाठक, विश्वनाथ कुमार, अमित शान सिंह, रामजतन आर्य, मनस्वी शर्मा, हर्ष राज, तेतरी देवी, गौरी देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
