राजगीर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित, ‘माई बहन योजना’ का ऐलान, रवि ज्योति को टिकट देने की उठी मांग

0
IMG-20250714-WA0101

राजगीर (नालंदा): राजगीर विधानसभा क्षेत्र के दीपनगर स्थित वास्तु बिहार के समीप सोमवार को कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ पार्टी की नीतियों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के पर्यवेक्षक बिनोद चंद्राकर, महिला कांग्रेस प्रभारी उषा चौबे, कांग्रेस नेता दिलीप कुमार, राजगीर के पूर्व विधायक रवि ज्योति समेत जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, चारों प्रखंडों के अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

1000764181

‘माई बहन योजना’ की घोषणा

सम्मेलन के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य दिलीप कुमार ने कांग्रेस की महत्वाकांक्षी “माई बहन योजना” की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस की सरकार बनते ही राज्य की सभी 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना में कोई आयु सीमा नहीं होगी, यानी वृद्ध महिलाएं भी इसका लाभ उठा सकेंगी।

उन्होंने बताया कि यह योजना दक्षिण भारत में “अम्मा योजना” और झारखंड में अन्य नामों से पहले से लागू है। दिलीप कुमार ने कहा कि यदि किसी घर में चार महिलाएं होंगी, तो उस परिवार को ₹10,000 तक की मासिक सहायता मिलेगी।

महिला सशक्तिकरण पर ज़ोर, ‘प्रियदर्शिनी उड़ान योजना’ का जिक्र

महिला कांग्रेस प्रभारी उषा चौबे ने महिला सशक्तिकरण को पार्टी की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करेगी। उन्होंने “प्रियदर्शिनी उड़ान योजना” का भी उल्लेख किया, जिसके तहत महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी नैपकिन दिए जाएंगे और उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियाँ दी जाएंगी।

1000764186

रवि ज्योति के लिए टिकट की मांग तेज

सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पूर्व विधायक रवि ज्योति को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट दिए जाने की एक स्वर में मांग की। दिलीप कुमार ने कहा कि राजगीर की जनता, कार्यकर्ता और महागठबंधन के सभी घटक रवि ज्योति के समर्थन में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व निष्पक्ष निर्णय लेकर उन्हें प्रत्याशी घोषित करे ताकि जनता उन्हें एक जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि पार्टी के मजबूत स्तंभ के रूप में देखे।

कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी

सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी की नीतियों को बूथ स्तर तक पहुँचाने, गांव-गांव प्रचार अभियान चलाने और संगठन को मजबूत करने को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की गई।

कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पार्टी की योजनाओं को जनता तक पहुँचाकर आगामी चुनाव में कांग्रेस को मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करेंगे।

1000561991

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!