महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिवस समारोह धूमधाम से आयोजित
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,
नालंदा (बिहार):
महाबोधि महाविद्यालय, नालंदा में बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री एवं विकास पुरुष नीतीश कुमार का जन्मदिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिवार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शासी निकाय के सचिव राजेंद्र प्रसाद तथा प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार द्वारा केक काटकर मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। समारोह के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री के दीर्घ जीवन की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शासी निकाय के सचिव राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का जन्मदिवस आज पूरे बिहार प्रदेश सहित देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में बिहार निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सपनों को धरातल पर साकार करने का कार्य किया जा रहा है। राज्य के चहुंमुखी विकास का प्रमाण है कि आज महिलाएं भी प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार की कौशल विकास योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को हुनरमंद बनाया जा रहा है, जबकि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध हो रही है।
समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार के निरंतर विकास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. सुधीर कुमार, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार वर्मा, प्रो शशिभूषण प्रसाद, प्रो मिथलेश कुमार, प्रो कुमारी रेणुका सिन्हा, प्रो आनंद मूर्ति, प्रो आकाश भारती, प्रो विकास कुमार, प्रो दिव्यांशु प्रिया, विजय कुमार सिन्हा,अनुज कुमार,नारायण कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
