कल्याण बिगहा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 75वां जन्मदिन ‘विकास दिवस’ के रूप में मनाया गया

0
IMG-20260301-WA0060

अमर वर्मा की रिपोर्ट,

हरनौत, नालंदा । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 75वें जन्मदिन के अवसर पर रविवार को उनके पैतृक गांव कल्याण बिगहा में उत्सव का माहौल रहा। ‘राष्ट्रीय लव-कुश सेवा मिशन’ के तत्वावधान में इस दिन को ‘विकास दिवस’ के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया।

पटना स्थित सप्त मूर्ति विधानसभा परिसर के समक्ष से सैकड़ों गाड़ियों का काफिला मुख्यमंत्री की जन्मभूमि कल्याण बिगहा के लिए रवाना हुआ। वहां पहुंचकर समर्थकों ने मुख्यमंत्री के माता-पिता स्व. परमेश्वरी देवी एवं स्व. राम लखन सिंह तथा उनकी पत्नी स्व. मंजु सिन्हा की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

1001288184

इस अवसर पर लव-कुश सेवा मंच के संयोजक सह जदयू प्रदेश महासचिव संतोष कुशवाहा और आयोजनकर्ता संजय कांत ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की तस्वीर और तकदीर बदलने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पटना सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग यहां आभार व्यक्त करने पहुंचे हैं, क्योंकि उन्होंने बिहार को एक ऐसा ‘विकास पुरुष’ दिया, जिसके नेतृत्व में राज्य प्रगति की राह पर आगे बढ़ा है।

कार्यक्रम के दौरान जदयू प्रदेश महासचिव सह राष्ट्रीय संयोजक राजीव रंजन पटेल ने मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि बिहार का जनमानस और युवा वर्ग एक शिक्षित, सादगी पसंद युवा नेतृत्व की अपेक्षा करता है। उन्होंने निशांत कुमार को भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी देने और उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की इच्छा भी जताई।

जन्मदिन के उपलक्ष्य में कल्याण बिगहा स्थित देवी स्थान में विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। ग्रामीणों और समर्थकों ने पारंपरिक होली गीत गाकर मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की।

1001288183

कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जिस प्रकार लोकनायक जयप्रकाश नारायण, डॉ. राम मनोहर लोहिया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के जन्मदिवस को विशेष रूप से मनाया जाता है, उसी प्रकार नीतीश कुमार के जन्मदिन को भी ‘विकास दिवस’ के रूप में स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर धीरज, शकील सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *