लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, संगठन विस्तार के साथ सरकार पर जमकर साधा निशाना

सरमेरा (नालंदा), संवाददाता : लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी की प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड स्थित तिरंगा पैलेस में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी ने की, जबकि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक और प्रदेश महासचिव सीताराम सिंह चंद्रवंशी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव और इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी सीताराम सिंह चंद्रवंशी ने किया।
कार्यकर्ताओं ने किया राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत
राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरे माहौल में उत्साह और जोश का संचार दिखा।
पार्टी छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं की पार्टी है : राष्ट्रीय अध्यक्ष
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी गरीबों और छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यह पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से समाज के हर वर्ग को सम्मान देने का काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर इस संदेश को फैलाएं कि यह पार्टी उनकी अपनी पार्टी है, जो उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट रहें और किसी के बहकावे में न आएं। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को अपनी ताकत दिखानी होगी

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदेश महासचिव सीताराम सिंह चंद्रवंशी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अति पिछड़ा वर्ग, जिसकी आबादी 36% है, आज भी हाशिए पर है। उन्होंने कहा कि राज्य में 15% आबादी वाले लोग कुर्सी बदल-बदल कर सत्ता में बने हुए हैं, जबकि गरीबों को कभी उचित स्थान नहीं दिया जाता। उन्होंने वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार, अपराध, बलात्कार और गरीबों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
सीताराम सिंह ने कहा कि आज भी गरीब लोग अपने छोटे-छोटे कामों के लिए महीनों ब्लॉक और जिला कार्यालयों के चक्कर लगाते हैं, लेकिन जब तक अधिकारियों की ‘पॉकेट गर्म’ नहीं होती, उनका कोई काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि इस भ्रष्ट व्यवस्था को खत्म करने के लिए जनता के पास सिर्फ एक हथियार है, और वह है – वोट। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे उम्मीदवार को वोट दें जो विकास की सोच रखता हो।
सरकार की नीतियों पर श्रीकांत प्रसाद का तंज
गार्जियन स्वरूप श्रीकांत प्रसाद ने कहा कि वर्तमान सरकार का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता सत्ता में बने रहने के लिए गरीबों से वोट लेकर वादे तो करते हैं, लेकिन कुर्सी बचाने के लिए उन वादों को बेच देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे लोग महिलाओं के सम्मान की बात तो करते हैं, लेकिन कई बार सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं का अपमान भी करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे 4 साल की नौकरी के झांसे में आकर अपनी जिंदगी और अपने पूर्वजों की संपत्ति को बर्बाद न करें।
संगठन विस्तार, पदाधिकारियों की नियुक्ति
सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार भी किया गया। अजीत कुमार को जिला सचिव (नालंदा), गजाधर कुमार को प्रखंड अध्यक्ष (सरमेरा पूर्वी), अनिल कुमार चंद्रवंशी को नगर पंचायत अध्यक्ष (सरमेरा), जितेंद्र कुमार को नगर पंचायत उपाध्यक्ष (सरमेरा), अनुज कुमार चंद्रवंशी को प्रखंड प्रवक्ता (सरमेरा), श्री चंद चौहान को पंचायत अध्यक्ष (चेरो), और जितेंद्र कुमार को पंचायत अध्यक्ष (केनार) मनोनीत किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों के चयन पर कार्यकर्ताओं में काफी खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी ने पार्टी को मजबूती से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर प्रदेश सदस्य नवीन कुमार, अर्जुन प्रसाद, श्रवण कुमार (जिला सचिव, नालंदा), प्रदेश मीडिया प्रभारी अमोद कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।