अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भाजपा महिला मोर्चा का कार्यक्रम आयोजित
शंकर कुमार की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ (नालंदा)। भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा, नालंदा द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को बिहारशरीफ के नई सराय स्थित प्रणव मैरेज हॉल में महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आश्रिती शर्मा, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी चंद्रकांता सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रुचि श्रीवास्तव ने की।
इस मौके पर आश्रिती शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनसे देशभर में महिलाओं को नई पहचान और अवसर मिल रहे हैं।

पूर्व लोकसभा प्रत्याशी चंद्रकांता सिंह ने कहा कि महिला शक्ति समाज की आधारशिला है। जब महिलाएं शिक्षित और सशक्त होंगी, तभी समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं रुचि श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए आगे आना होगा और समाज में अपनी भागीदारी को और मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा लगातार महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की महामंत्री डॉ. रेनू, चुनचुन देवी, रूबी देवी, कंचन कुमारी, आरती देवी, रिंकू देवी, चिंता देवी, रीना सिंह, गायत्री देवी सहित महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
