बिहारशरीफ नगर निगम ने बारिश के बीच जलजमाव से निपटने के लिए संभाली कमान, कई इलाकों में त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को किया नियंत्रित

बिहार शरीफ (नालंदा ) : नालंदा जिले में लगातार हो रही वर्षा के मद्देनज़र नगर निगम बिहारशरीफ की सभी टीमें जलजमाव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सतत रूप से कार्यरत हैं। नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार नगर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों जैसे – नाला रोड, रांची रोड, बिहारशरीफ बाइपास, कुशवाहा धर्मशाला के निकट, ईमादपुर, बाजार समिति, सदर अस्पताल, डीएम कॉलोनी आदि में विशेष टीमें तैनात की गईं।
नगर आयुक्त ने उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, स्वच्छता पदाधिकारी, अभियंताओं, स्मार्ट सिटी की टीम तथा नगर निगम के अन्य कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात वे स्वयं शहर का भ्रमण कर जलजमाव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कार्यों की निगरानी करते रहे।

प्रमुख कार्य और निर्देश इस प्रकार हैं:
- वार्ड 20 एवं सदर अस्पताल क्षेत्र में जलनिकासी के लिए सदर अस्पताल की ओर से आने वाले नाले को विस्तारित करते हुए उसे नाला रोड के ड्रेनेज सिस्टम से जोड़ा गया। इस कार्य की त्वरित शुरुआत कर दी गई है।
- बाजार समिति क्षेत्र में जल निकासी हेतु डिवाटरिंग पंप की व्यवस्था की गई।
- सदानंद कॉलेज, रामचंद्रपुर (जहां 30 जुलाई 2025 को बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा निर्धारित है) में जलनिकासी हेतु डिवाटरिंग पंप लगाया गया।
- रांची रोड पर जलजमाव की समस्या के निराकरण के लिए एनएच और आरसीडी कार्यालय के समीप एवं पीछे से नाला रोड के ड्रेनेज सिस्टम से इंटर-कनेक्शन स्थापित किया गया और वहां 105 एचपी का डिवाटरिंग पंप लगाया गया।
- ईमादपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन नाले का जायजा लिया गया और वैकल्पिक ड्रेनेज मार्ग को सक्रिय किया गया।
- पूरे नगर क्षेत्र की जलनिकासी को लेकर अन्य आवश्यक निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इन त्वरित प्रयासों के फलस्वरूप लगातार वर्षा के बावजूद शहर के मुख्य मार्गों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। जहां जलजमाव हुआ भी, वहां निर्धारित समय सीमा के भीतर जलनिकासी सुनिश्चित की गई। आंतरिक सड़कों पर भी विभिन्न स्थलों पर डिवाटरिंग पंप लगाकर जल निकासी की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, आवश्यकता के अनुसार कच्चे नालों की कटाई करते हुए “मिसिंग लिंक” को भी जोड़ा जा रहा है ताकि जलनिकासी में कोई बाधा न रहे।

वर्तमान मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा जलजमाव संभावित क्षेत्रों में विभिन्न क्षमताओं के डिवाटरिंग पंपों की पूर्वस्थापना कर दी गई है। सभी सफाई टीमें सक्रिय रूप से फील्ड में डटी हुई हैं। नगर निगम में स्थापित कंट्रोल रूम में जलजमाव से जुड़ी सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही, जलजनित रोगों की रोकथाम हेतु नगर निगम द्वारा नियमित रूप से फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव, चुना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है।
नगर निगम बिहारशरीफ, नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोपरि मानते हुए, जलजमाव की समस्या से निपटने हेतु पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।