MGM मेडिकल कॉलेज पर अवैध कब्जे का आरोप: दिलीप जायसवाल से इस्तीफे की मांग, जन सुराज ने किया बड़ा खुलासा

बिहार शरीफ (नालंदा) : जन सुराज के नालंदा जिला संगठन पदाधिकारियों ने आज पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने दावा किया कि जायसवाल ने पिछले 25 वर्षों से किशनगंज स्थित माता गुजरी मेडिकल कॉलेज (MGM), जो एक सिख अल्पसंख्यक संस्थान है, पर अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने ट्रस्ट एक्ट और रजिस्ट्रेशन एक्ट का खुलेआम उल्लंघन किया है।
“ट्रस्ट को धोखे से कब्जाया, खुद बने डायरेक्टर”
जिला अभियान समिति के संयोजक संजीव कुमार ने बताया कि MGM कॉलेज के संस्थापक सरदार मोलेश्वर सिंह थे। ट्रस्ट में उनके पुत्र करतार सिंह (आजीवन ट्रस्टी) और गुरुदयाल सिंह ट्रस्टी थे। आरोप है कि दिलीप जायसवाल ने इन्हें धोखे से ट्रस्ट से बाहर कर दिया और खुद कॉलेज के डायरेक्टर बन बैठे, जबकि एक समय वे इसी कॉलेज में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। ट्रस्ट नियमों के अनुसार इसमें दो-तिहाई सदस्य सिख समुदाय से होने चाहिए, लेकिन इसकी पूरी तरह अनदेखी की गई।

MBBS सीटों की ‘डील’, नेताओं-अफसरों के बच्चों को मिला फायदा
जन सुराज की जिला महिला अध्यक्ष पूनम सिन्हा ने आरोप लगाया कि दिलीप जायसवाल ने मैनेजमेंट कोटे के माध्यम से 50 से अधिक नेताओं और अफसरों के बच्चों को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाया और उन्हें MBBS की डिग्रियां दिलवाईं। यह शिक्षा व्यवस्था और ट्रस्ट के मूल उद्देश्य का सीधा उल्लंघन है।
हत्या कांड में क्लीन चिट और कॉलेज से डिग्री का संबंध
विपिन यादव ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि जिस पुलिस अफसर ने दिलीप जायसवाल को कॉलेज से जुड़े राजेश साह हत्याकांड में क्लीन चिट दी थी, उनकी पत्नी को भी उसी MGM कॉलेज से MBBS की डिग्री मिली है। इससे मामले की निष्पक्षता और जांच की गंभीरता पर सवाल उठता है।

राजद-जदयू पर भी साधा निशाना
जिला प्रवक्ता चंद्र उदय कुमार ने कहा कि इस पूरे मामले में सिर्फ भाजपा नहीं, बल्कि राजद और जदयू भी समान रूप से जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिलीप जायसवाल का कॉलेज पर कब्जा राजद के शासनकाल में शुरू हुआ और राबड़ी देवी ने उन्हें “मुंहबोला भाई” बताया। लालू प्रसाद यादव के साले के परिवार के कई सदस्यों को भी इसी कॉलेज से MBBS की डिग्री मिली है।
उन्होंने कहा, “जब निजी लाभ की बात आती है तो भाजपा, राजद और जदयू एक साथ हो जाते हैं। यह मामला उसका स्पष्ट उदाहरण है।”

जन सुराज की तीन प्रमुख मांगें
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज ने निम्नलिखित तीन मांगें रखीं:
- MGM कॉलेज का मालिकाना हक सरदार मोलेश्वर सिंह के परिवार को सौंपा जाए।
- राजेश साह हत्याकांड की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- दिलीप जायसवाल को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
जन सुराज ने इस पूरे प्रकरण को अल्पसंख्यक अधिकारों पर हमला और सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण बताया है।