नालंदा में होलिका दहन की तैयारी के दौरान हादसा, तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से अधेड़ की मौत
गुड्डू कुमार की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ (नालंदा)। सोमवार की देर शाम नालंदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। घटना Sohsarai Police Station क्षेत्र के लोहगानी मोहल्ले की है। मृतक की पहचान लोहगानी निवासी यदुनंदन यादव के पुत्र मनोज कुमार के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार, होलिका दहन को लेकर मोहल्ले में तैयारियां चल रही थीं। मनोज कुमार जलावन इकट्ठा कर उसे होलिका दहन स्थल तक ले जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई।
बताया जाता है कि मनोज कुमार सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। होली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। अस्पताल और घर पर परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।
इस संबंध में ट्रैफिक थानाध्यक्ष सुशील कुमार राहुल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
