सीटेट परीक्षा केंद्र से मुन्ना भाई गिरफ्तार, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल

0
IMG-20260208-WA0030

अनुमंडल संवाददाता, राजगीर | राजीव लोचन की रिपोर्ट। सिलाव थाना क्षेत्र स्थित कैम्ब्रिज स्कूल परीक्षा केंद्र पर रविवार को आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) के दौरान फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा दे रहे एक युवक को प्रशासन ने गिरफ्तार कर लिया। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान अंगूठे का निशान मेल नहीं खाने पर उसकी पहचान उजागर हुई, जिसके बाद परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 निवासी मो. समीम अख्तर के पुत्र मो. रागिब अली के रूप में की गई है। वह हिलसा निवासी मो. हसीब आलम के पुत्र मो. फैयाज के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। बताया जा रहा है कि उसने पहचान छिपाने के लिए दस्तावेजों में भी बदलाव किया था, ताकि किसी को संदेह न हो।

परीक्षा की दूसरी पाली के दौरान बायोमेट्रिक मिलान में गड़बड़ी सामने आई। जांच में पाया गया कि उसका अंगूठा पंजीकृत अभ्यर्थी से मेल नहीं खा रहा है। इसके बाद परीक्षा केंद्र संचालक को दिल्ली से भी सूचना प्राप्त हुई। संदेह पुख्ता होते ही युवक को पकड़कर स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के हवाले कर दिया गया।

1001241257

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रहलाद कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह दूसरे अभ्यर्थी के बदले परीक्षा देने आया था। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच और बायोमेट्रिक प्रणाली के कारण इस तरह की गड़बड़ियों पर आसानी से अंकुश लगाया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *