नालंदा लाइव क्लासेज के तहत टॉप 100 छात्रों के लिए विशेष कक्षा का शुभारंभ, डीएम कुंदन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन

0
IMG-20260131-WA0105

नालंदा। बिहार बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी को लेकर जिले में शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल की गई है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने नालंदा कॉलेजिएट स्कूल में ‘नालंदा लाइव क्लासेज’ के अंतर्गत मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी के लिए चिन्हित टॉप-100 छात्रों हेतु आयोजित विशेष कक्षा का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।

जिला प्रशासन की पहल पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्रों को बेहतर परिणाम दिलाने के उद्देश्य से ‘नालंदा लाइव क्लासेज’ के तहत क्रैश कोर्स एवं मॉक टेस्ट 2026 का आयोजन जिले के सभी 283 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नालंदा स्मार्ट लाइव क्लासेज के तहत यूट्यूब लिंक के माध्यम से 24 नवंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक क्रैश कोर्स संचालित किया गया। इसमें कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए 162 कक्षाएं तथा कक्षा 12वीं के विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के लिए 212 कक्षाएं सफलतापूर्वक चलाई गईं। इन कक्षाओं का संचालन प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, स्मार्ट नोडल शिक्षक एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा किया गया।

सभी विद्यालयों में आयोजित सेंटअप परीक्षा के आधार पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रत्येक संकाय से टॉप-20 छात्रों का चयन कर ‘नालंदा मॉक टेस्ट-2026’ में शामिल कराया गया। इस मॉक टेस्ट में जिले भर से लगभग 11,320 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। इनमें से सभी 20 प्रखंडों से टॉप-10 छात्रों का चयन कर कुल 200 मेधावी विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन के लिए चुना गया।

इन चयनित छात्रों को बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिनों में अपनाई जाने वाली रणनीति, समय प्रबंधन, प्रश्नों के चयन और परीक्षा के दौरान क्या करें एवं क्या न करें, जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘नालंदा लाइव क्लासेज’ मेधावी छात्रों के लिए एक सशक्त मंच है, जहां उन्हें अनुभवी शिक्षकों का गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है और लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के छात्र-छात्राएं बिहार बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नालंदा का नाम राज्य स्तर पर रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *