अशोक कुमार हत्याकांड से आक्रोशित डॉक्टर, संघ ने सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन का किया ऐलान

0
20260131_155312

बिहारशरीफ। नवादा जिले के ग्रामीण मेडिकल प्रैक्टिशनर (आरएमपी) डॉक्टर अशोक कुमार की एक सप्ताह पूर्व अपराधियों द्वारा निर्मम हत्या किए जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से चिकित्सकों में भारी आक्रोश है। इसी के विरोध में संघ कार्यालय, बिहारशरीफ में ग्रामीण मेडिकल प्रैक्टिशनरों द्वारा शोक सभा का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान संघ ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

संघ के महासचिव सह राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के सक्रिय सदस्य डॉ. विपिन कुमार सिन्हा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होना प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति केवल कागजी साबित हो रही है। यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो ग्रामीण मेडिकल प्रैक्टिशनर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार व इंजेक्शन सेवा भी बंद कर देंगे।

1001222318

वहीं चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल कुमार अकेला ने कहा कि जब सस्ती चिकित्सा सेवा देने वाले आरएमपी डॉक्टर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सरकार का ‘मंगल राज’ का दावा महज दिखावा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि धरना-प्रदर्शन में चेंबर के सभी सदस्य शामिल होकर प्रशासन व सरकार का विरोध करेंगे।

शोक सभा में संघ के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, सचिव डॉ. संजय कुमार, डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. भोला प्रसाद, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. श्याम किशोर प्रसाद, डॉ. किशोरी प्रसाद, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. कुंदन कुमार, डॉ. शशि भूषण प्रसाद, डॉ. निसार अहमद सहित सैकड़ों आरएमपी डॉक्टर मौजूद रहे।

सभा के अंत में दिवंगत डॉक्टर अशोक कुमार की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *