इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को लेकर नालंदा में हाई अलर्ट, डीएम–एसपी खुद मैदान में, 40 केंद्रों पर 44,352 परीक्षार्थी होंगे शामिल

0
IMG-20260130-WA0067

बिहारशरीफ (नालंदा)। इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त स्टैटिक, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों, संबंधित पुलिस पदाधिकारियों तथा परीक्षा केंद्राधीक्षकों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बताया गया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में किया जाएगा। इसके लिए नालंदा जिले में कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बिहारशरीफ में 31, राजगीर में 4 तथा हिलसा में 5 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा के लिए 18 केंद्र छात्राओं एवं 22 केंद्र छात्रों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस वर्ष कुल 44,352 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 23,132 छात्र एवं 21,220 छात्राएं हैं।

प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों के लिए किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वहीं केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अथवा कर्मी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

1001220722

गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा के लिए पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 1:30 बजे तक परीक्षा भवन में प्रवेश अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए जिले में 115 स्टैटिक दंडाधिकारी, 38 गश्ती दल दंडाधिकारी, 20 जोनल (उड़नदस्ता) तथा 8 सुपर जोनल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी नियमित रूप से परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करेंगे और अपने निरीक्षण की टिप्पणी पंजी में दर्ज कर प्रतिदिन दैनिक खैरियत प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को सौंपेंगे।

परीक्षा अवधि के दौरान जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष टॉल फ्री नंबर 18003456323 पर कार्यरत रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सतत वीडियोग्राफी कराई जाएगी। वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति रेंडमाइजेशन के आधार पर की जाएगी। केंद्राधीक्षक सभी वीक्षक एवं सहयोगी कर्मियों को पहचान पत्र निर्गत करेंगे।

1001220407

परीक्षार्थियों की कड़ी जांच सुनिश्चित की जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला दंडाधिकारी एवं महिला पुलिस बल द्वारा की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के शौचालयों की सघन जांच कर किसी भी प्रकार की नकल सामग्री की संभावना को समाप्त करने तथा केंद्र परिसर के अंदर व बाहर आसपास के क्षेत्रों पर सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समिति द्वारा निर्धारित प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट एवं स्टेशनरी दुकानों तथा कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखने को कहा गया है।

वहीं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने परीक्षा अवधि के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों एवं कदाचार में संलिप्त लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अवांछनीय गतिविधि पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिहारशरीफ शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस उपाधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, नालंदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *