नालंदा के नौ प्रखंडों में शीघ्र खुलेंगे डिग्री कॉलेज, डीएम कुंदन कुमार ने दिए सख्त निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा)। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत “उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य” योजना की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के उन प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना एवं संचालन की प्रगति की समीक्षा करना था, जहाँ अब तक कोई भी डिग्री महाविद्यालय संचालित नहीं है।
बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा द्वारा जानकारी दी गई कि जिले के रहुई, नूरसराय, बिंद, नगरनौसा, कतरीसराय, करायपरशुराय, थरथरी, परवलपुर एवं सरमेरा प्रखंडों में वर्तमान में किसी भी प्रकार का डिग्री महाविद्यालय स्थापित अथवा संचालित नहीं है। इसके कारण इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) को स्पष्ट निर्देश दिया कि डिग्री महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के तत्काल संचालन की व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रस्तावित महाविद्यालयों के स्थायी भवन एवं परिसर निर्माण हेतु विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप अतिरिक्त एवं उपयुक्त भूमि की पहचान एवं चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए, जिससे भविष्य में महाविद्यालयों का सुचारु एवं स्थायी संचालन संभव हो सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा का सुदृढ़ ढांचा जिले के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है, और सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुलभता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
