चण्डी में ज्ञानोदय स्कूल की भव्य गणतंत्र दिवस झांकी, देशभक्ति और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम
चंडी, नालंदा। चण्डी प्रखंड स्थित ज्ञानोदय स्कूल के तत्वावधान में आज 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य झांकियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। झांकी देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
झांकी कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की मनमोहक प्रस्तुति से हुई, जिसने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया। इसके पश्चात स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित झांकी के माध्यम से देश की आज़ादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता एवं हनुमान की झांकी ने दर्शकों को रामायण काल की धार्मिक एवं नैतिक शिक्षाओं से जोड़ा। वहीं सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रही शिव विवाह की झांकी, जिसमें भगवान शिव के साथ भूत-प्रेतों की सजीव और अनोखी प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक उमेश प्रसाद ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व बच्चों को अपने देश के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
इस भव्य आयोजन के माध्यम से ज्ञानोदय स्कूल चण्डी ने न केवल गणतंत्र दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया, बल्कि नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत से जोड़ने का सराहनीय प्रयास भी किया। स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों की इस पहल की जमकर प्रशंसा किया।

