राजगीर महोत्सव 2025 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

0
IMG-20251216-WA0048

राजगीर नालंदा) : राजगीर महोत्सव 2025 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में नालंदा जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान राजगीर पहुंचकर महोत्सव की तैयारियों की कार्य प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया।

राजगीर महोत्सव का आयोजन 19, 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को किया जाना है। मुख्य कार्यक्रम स्थल आरआईसीसी एवं हॉकी मैदान, राजगीर के निकट स्थित खाली भूखंड में महोत्सव का भव्य आयोजन निर्धारित है। आगामी महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को शामिल किया गया है।

1001123104

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, समारोह स्थल की तैयारी, लाइटिंग, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, स्टॉल, कृषि मेला, व्यंजन मेला, महिला महोत्सव, सद्भावना मार्च, तांगा एवं पालकी सज्जा, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, जन-सुविधा, खेल महोत्सव, नुक्कड़ नाटक, आमंत्रण पत्र वितरण, सर्वधर्म मंगलाचरण, वाहन पार्किंग, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, सड़क मरम्मती, विद्युत प्रकाश एवं लाइटिंग, निजी घरों, होटलों एवं अन्य भवनों की साज-सज्जा प्रतियोगिता, उद्घाटन एवं समापन समारोह तथा पुरस्कार वितरण सहित सभी बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्य ससमय पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राजगीर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव के अवसर पर राजगीर शहरी क्षेत्र के सभी होटलों एवं निजी भवनों को आकर्षक लाइटिंग से सुसज्जित करने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसमें उत्कृष्ट लाइटिंग करने वाले व्यक्तियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राजगीर महोत्सव के दौरान मौर्यन एंपायर जैसी ऐतिहासिक धरोहरों पर आधारित विशेष एग्जीबिशन लगाई जाए, ताकि आम दर्शकों को राजगीर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराया जा सके। साथ ही गुरुद्वारा, जरासंध अखाड़ा, विश्व शांति स्तूप, ब्रह्म कुंड सहित संपूर्ण राजगीर क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों के इतिहास को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, राजगीर को निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय पर्यटकों को रात्रि ठहराव की सुविधा, पैकेज टूर, पर्यटन स्थलों पर समुचित लाइटिंग, बेहतर विधि-व्यवस्था, पुलिस की सॉफ्ट ट्रेनिंग, मल्टी-स्टोरेज पार्किंग एवं वेंडिंग जोन को सुदृढ़ किया जाए। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक राजगीर की ओर आकर्षित हो सकें।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि 17 दिसंबर 2025 तक सभी स्टॉलों का निर्माण पूर्ण कर लिया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, नजारत शाखा के उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक समाज कल्याण विभाग सहित कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!