83 साल पुरानी आस्था, मानपुर में मां दुर्गा की डोली यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

मानपुर (नालंदा) : बिहार शरीफ प्रखंड के अंतर्गत मानपुर गांव में मां दुर्गा का विसर्जन रविवार को अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक ढंग से संपन्न हुआ। सजे-धजे मंदिरों और घरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर बाद माता की प्रतिमा को सुसज्जित डोली (टोली) पर सवार कर विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों की भारी भीड़ शामिल रही।
मानपुर गांव की यह विशेष परंपरा है कि यहां मां दुर्गा का विसर्जन किसी वाहन या ट्रैक्टर से नहीं, बल्कि डोली पर किया जाता है। ग्रामीण स्वयं इस डोली को कंधे पर उठाकर गांव के प्रमुख मार्गों से यात्रा निकालते हैं। यात्रा के दौरान “जय माता दी” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। महिलाएं थाल सजाकर आरती उतारती रहीं और मां के चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद मांगा।
विसर्जन जुलूस मानपुर गांव के मुख्य मंदिर से प्रारंभ होकर मानपुर थाना परिसर स्थित मंदिर तक पहुंचा, जहां भक्तों ने मां दुर्गा की पारंपरिक खोयीछा बदलने की प्रथा निभाई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच सकरी नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।
इस दौरान हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। माता की विदाई के समय श्रद्धालु भावुक हो उठे और हाथ जोड़कर मां से गांव की सुख-समृद्धि एवं सभी भक्तों की मनोकामना पूर्ण करने की प्रार्थना की।
ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा वर्ष 1942 ई. से निरंतर चली आ रही है। पूर्वजों द्वारा आरंभ की गई इस डोली विसर्जन की परंपरा को आज भी पूरे अनुशासन, श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जा रहा है।
वहीं आयोजन समिति के सदस्य संटू कुमार साव ने कहा, हर साल ग्रामीणों के सहयोग से यह आयोजन संभव हो पाता है। यह परंपरा हमारी आस्था और संस्कृति की जीवंत विरासत है। इसे हम पीढ़ी दर पीढ़ी निभाते रहेंगे।
इस मौके पर मानपुर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान संतोष साव, मुन्ना साव, विपुल साव, रामजी साव, राजेश साव, राधे साव, राम अवतार साव, रितेश साव, संटू कुमार साव, प्रो. कृष्णचंद प्रसाद, मुकेश कुमार, कमलेश कुमार, प्रवीण प्रसाद, पंजाबी पासवान, राकेश कुमार और रंजीत चौधरी सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।