मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, राजगीर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों की ली समीक्षा

0
IMG-20250710-WA0222

राजगीर (नालंदा) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को नालंदा जिले का एक दिवसीय दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से पर्यटन और खेल अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं का गहन निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पटना-बख्तियारपुर फोरलेन के करौटा के पास से प्रस्तावित टूरिस्ट वे का निरीक्षण किया, जो राजगीर तक जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस सड़क परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी बल्कि राजगीर जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल को पर्यटन के दृष्टिकोण से और भी सशक्त बनाएगी।

1000754618

राजगीर में आरओबी और स्टेडियम निर्माण का निरीक्षण

इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला राजगीर पहुंचा, जहां उन्होंने हसनपुर में निर्माणाधीन आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

राजगीर स्थित बिहार खेल अकादमी परिसर में मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण कार्य की समीक्षा की। बताया गया कि स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तेज गति से चल रहा है। मुख्य पवेलियन का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और अब फिनिशिंग कार्य, जैसे प्लास्टर, पुट्टी और वायरिंग आदि हो रहे हैं। जनरल स्टैंड ईस्ट, वेस्ट और रिवर्स पवेलियन के सिविल वर्क को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने की तैयारी है।

1000754619

हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों पर भी नजर

मुख्यमंत्री ने 29 अगस्त से 7 सितंबर तक आयोजित होने वाले हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों का भी जायजा लिया। यह टूर्नामेंट राजगीर में आयोजित होगा, जिसमें पाकिस्तान सहित कई एशियाई देशों की टीमें भाग लेंगी। उन्होंने टूर्नामेंट की व्यवस्थाओं को उच्च स्तरीय बनाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राजगीर में नवंबर 2024 में आठवीं महिला एशियाई हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी का सफल आयोजन हो चुका है, जिसमें भारत ने चीन को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

1000754606

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती रही और पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनी रही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ पटना और नालंदा जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी और भविष्य की कार्य योजना से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!