चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का खुलासा, नालंदा पुलिस ने पांच सुपारी किलर को किया गिरफ्तार

0
WhatsApp-Image-2025-06-30-at-6.11.09-PM-scaled-e1751300043335

नालंदा: पन्हेसा गांव में प्रॉपर्टी डीलर रजी अहमद उर्फ नन्नू की हत्या के मामले में नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार को कोलकाता के दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र से और एक को बिहारशरीफ से पकड़ा गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को सुपारी किलर बताया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद राजा, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद औरंगज़ेब, मोहम्मद दानिश और मोहम्मद नाजिश उर्फ अज्जू के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 19 जून को नालंदा थाना क्षेत्र के पन्हेसा गांव स्थित मस्जिद के पास रजी अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक को चार गोलियां मारी गई थीं।

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए डीएसपी राजगीर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मृतक रजी अहमद का गांव के ही मोहम्मद साकिब और मोहम्मद समीर से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उन्होंने सुपारी देकर हत्या करवाई थी।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक लोहे की पिस्टल और पिस्टल के मैगजीन से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल सात बदमाश शामिल थे। दो की गिरफ्तारी अभी बाकी है, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

छापेमारी टीम में डीएसपी सुनील कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह, राजगीर थानाध्यक्ष रमण कुमार, डीआईयू प्रभारी आलोक कुमार, लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, नालंदा थानाध्यक्ष निशि कुमार, सिलाव थानाध्यक्ष इरफान खान, गिरियक थानाध्यक्ष दीपक कुमार, छबीलापुर थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, वेन थानाध्यक्ष रवि कुमार सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जल्द ही फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!