जन सुराज की ‘बिहार बदलाव रैली’ 11 अप्रैल को गांधी मैदान में, जुटेगा 10 लाख लोगों का जनसैलाब

पेपर लीक से लेकर शराबबंदी तक—10 प्रमुख मुद्दों पर उठेगी जन आवज
बिहार शरीफ (नालंदा) : राज्य की राजनीति में एक नए परिवर्तन का संकेत देते हुए जन सुराज 11 अप्रैल 2025 को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘बिहार बदलाव रैली’ का आयोजन कर रहा है। आयोजकों का दावा है कि यह रैली बिहार के इतिहास की सबसे बड़ी रैली बन सकती है, जिसमें पूरे राज्य से लगभग 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना है।
इस रैली के जरिए जन सुराज बिहार की 10 प्रमुख समस्याओं पर राज्य सरकार को घेरने की तैयारी में है। ये मुद्दे हैं:
1. पेपर लीक और भ्रष्टाचारग्रस्त शिक्षा व्यवस्था
2. बेरोजगारी और युवाओं का पलायन
3. अपराध का बढ़ता ग्राफ
4. जातिवाद और राजनीतिक अस्थिरता
5. कमजोर स्वास्थ्य सुविधाएं
6. भूमि सर्वेक्षण में गड़बड़ियां
7. स्मार्ट मीटर घोटाला
8. शराबबंदी से उपजे सामाजिक नुकसान
9. सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार और अफसरशाही
10. आम जनता की प्रशासन में भागीदारी का अभाव
शुक्रवार को बिहारशरीफ स्थित जन सुराज कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें नालंदा जिला अध्यक्ष वीरेन यादव, पूर्व महापौर दिनेश कुमार, प्रवक्ता अमन राज और युवा सदस्य दीपेश वर्मा ने इस रैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रैली की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और बिहार के कोने-कोने से जन सुराज के कार्यकर्ता और समर्थक इसमें भाग लेंगे।
नालंदा जिले से ही लगभग 40,000 लोगों के गांधी मैदान पहुंचने की योजना है। वीरेन यादव ने बताया कि इसके लिए विभिन्न प्रकार की परिवहन व्यवस्थाएं—जैसे बसें, कार, बाइक और ट्रेनें—की जा रही हैं।
युवा सदस्य दीपेश वर्मा ने कहा, “यह रैली सिर्फ भीड़ नहीं, बल्कि बदलाव की इच्छा रखने वाले लोगों की आवाज़ है। हम सब मिलकर बिहार की तस्वीर बदलेंगे।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जन सुराज की यह रैली राज्य में सत्ता संतुलन और भावी राजनीति पर असर डाल सकती है। अगर रैली में भारी भीड़ जुटती है, तो यह अन्य दलों के लिए भी बड़ा संकेत हो सकता है।