नशे के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, लहेरी थाना क्षेत्र में जागरूकता बैठक कर कार्रवाई की मांग

0
IMG-20260208-WA0049

प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट

बिहारशरीफ, नालंदा । लहेरी थाना क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं के बिगड़ते भविष्य को लेकर स्थानीय महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। मोहल्ले की महिलाओं ने नशे के विरोध में जागरूकता बैठक आयोजित कर पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं का कहना है कि इलाके में गांजा, शराब, बीयर और सिगरेट का सेवन खुलेआम हो रहा है, जिससे छोटे-छोटे बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। कई किशोर जुआ खेलने लगे हैं, जिससे परिवारों की स्थिति खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि गली-मोहल्लों में युवक बैठकर नशा करते हैं और राह चलती महिलाओं व छात्राओं पर फब्तियां कसते हैं, जिससे अभिभावकों को शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है।

1001241200

सूचना मिलने पर लहेरी थाना प्रभारी रंजीत रजक ने अपने अधिकारियों को बैठक में भेजा। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और ब्रह्मस्थान (मधापुर अड्डा, वार्ड संख्या 23) को नशे का अड्डा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। लोगों ने आरोप लगाया कि बाहरी युवक आकर यहां शराब और गांजा बेचते हैं, जिससे मोहल्ले के बच्चे बर्बाद हो रहे हैं।

वार्ड परिषद प्रतिनिधि दिलीप कुमार ने बताया कि इस संबंध में पहले भी आवेदन दिया गया था, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थिति गंभीर हो गई है। अब पुलिस की मदद से नशे के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

महिलाओं ने कहा कि अब “नशा नहीं, जिंदगी चाहिए” के संकल्प के साथ वे हर मोहल्ले में जागरूकता फैलाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां भी नशे का अड्डा दिखेगा, वहां खुद पहुंचकर विरोध करेंगी और नशा बेचने वालों को पकड़कर पुलिस के हवाले करेंगी।

बैठक में संतोष कुमार, विनोद कुमार, अनिल यादव, चंदन कुमार, संगीता देवी, बम भाई, बिट्टू कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देवीसराय, शिवपुरी, मंगल कुआं, आलमगंज, चांदनी गली, गगन दीवान, रामचंद्रपुर, सोहन कुआं और एशिया होटल के पीछे के इलाकों से युवक यहां नशा करने पहुंचते हैं। लोगों ने पुलिस से नियमित गश्ती और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *