बिहार परिभ्रमण योजना के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय सादिकपुर–मुबारकपुर के सैकड़ों छात्र पहुंचे नालंदा,राजगीर, पावापुरी : ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हुए बच्चे
सुनील कुमार की रिपोर्ट | हरनौत (नालंदा)
मुख्यमंत्री बिहार परिभ्रमण योजना के अंतर्गत हरनौत प्रखंड क्षेत्र के पचौरा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सादिकपुर–मुबारकपुर के सैकड़ों छात्र-छात्राएं शनिवार को ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक भ्रमण पर नालंदा, राजगीर और पावापुरी के लिए रवाना हुए।
परिभ्रमण दल को विद्यालय के प्रधानाध्यापक राहुल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर शिक्षक मनीष कुमार ने बताया कि भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और शिक्षा परंपरा से अवगत कराना है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्व प्रसिद्ध प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेषों का अवलोकन किया और जाना कि यह स्थान कभी शिक्षा का वैश्विक केंद्र हुआ करता था। इसके अलावा पावापुरी जल मंदिर, राजगीर का शांति स्तूप, वेणुवन और गर्म जलकुंड का भी दौरा कर उनके ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त की।

शिक्षकों ने प्रत्येक स्थल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किताबों के साथ-साथ इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों का सर्वांगीण, मानसिक एवं सामाजिक विकास होता है। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग और सामाजिक व्यवहार की भावना भी विकसित होती है।
पूरे यात्रा के दौरान बच्चे काफी उत्साहित और आनंदित नजर आए।
इस मौके पर शिक्षक प्रशांत सिंह, आशीष रंजन, रविशंकर कुमार एवं नीतू कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।
